मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी ने पश्चिम एशिया की स्थिति के मद्देनज़र आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा की

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी ने पश्चिम एशिया की स्थिति के मद्देनज़र आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा की

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी ने पश्चिम एशिया की स्थिति के मद्देनज़र आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा की

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी ने आज रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी संभागीय आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस आयुक्त रायपुर, कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

बैठक वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, विशेषकर पश्चिम एशिया में उत्पन्न स्थिति के परिप्रेक्ष्य में आयोजित की गई, ताकि राज्य में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में रसोई गैस (एलपीजी), पेट्रोल, डीजल तथा उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग एवं संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेट्रोलियम पदार्थों एवं गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिस्थिति का लाभ उठाकर आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा करते हुए अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा कृत्रिम संकट उत्पन्न करने के किसी भी प्रयास पर तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई की जाए।

बैठक में मुख्य सचिव श्री विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. बसवराजु एस, कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शहला निगार, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, खाद्य विभाग की सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले, उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार सहित आईओसीएल, बीपीसीएल एवं एचपीसीएल के पेट्रोल, डीजल एवं गैस डिवीजन के अधिकारी उपस्थित रहे।