आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से एवरेस्ट तक; छत्तीसगढ़ की बेटी अमिता श्रीवास के हौसले को CM साय का सलाम
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से एवरेस्ट तक; छत्तीसगढ़ की बेटी अमिता श्रीवास के हौसले को CM साय का सलाम
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर असाधारण ऊंचाइयों तक पहुंचने की तैयारी कर रहीं युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास इन दिनों पूरे प्रदेश की शान बनी हुई हैं.आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में सेवा देने वाली अमिता अब दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के संकल्प के साथ अपने सबसे बड़े अभियान पर निकलने वाली हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) ने रायपुर में उनसे मुलाकात कर इस साहसिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं. अमिता की कहानी केवल पर्वतारोहण की नहीं, बल्कि जज़्बे, मेहनत और आत्मविश्वास से सीमाओं को तोड़ने की मिसाल है.
सीएम निवास में मुख्यमंत्री से मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में पर्वतारोही अमिता श्रीवास से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने कहा कि आगामी 9 अप्रैल को अमिता माउंट एवरेस्ट अभियान के लिए काठमांडू रवाना होंगी. मुख्यमंत्री ने इसे केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं, साहस और आत्मविश्वास की ऊंची उड़ान बताया. उन्होंने कहा कि अमिता का यह अभियान यह सिद्ध करता है कि जब संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी चुनौती असंभव नहीं रहती.